गया में रिश्वतखोर एसआई सस्पेंड: छात्रा से ₹20 हजार लेने का आरोप, मोबाइल-चाबी नहीं लौटाने पर आईजी की बड़ी कार्रवाई
गया पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की गई है। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायत के बाद कोंच थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर रिश्वत मांगने, जब्त सामान को अवैध रूप से अपने पास रखने और विभागीय नियमों की अनदेखी करने के आरोप हैं। इस मामले में कोंच थाना प्रभारी को भी भविष्य के लिए सख्त चेतावनी जारी की गई है।
यह कार्रवाई शानू कुमारी नामक एक आवेदिका की शिकायत पर हुई। आवेदिका ने आईजी कार्यालय में बताया था कि कोंच थाना के अनुसंधानकर्ता मनोज कुमार द्वारा उसका जब्त किया गया मोबाइल फोन और दुकान की चाबी वापस नहीं की जा रही थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सामान लौटाने के एवज में उससे अवैध राशि की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए सरकार से मिली प्रोत्साहन राशि में से ₹20 हजार पहले ही संबंधित पुलिस अधिकारी को देने का दावा किया। इसके बावजूद उसका मोबाइल और चाबी वापस नहीं किए गए, जिससे उसकी ऑनलाइन पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी द्वारा जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में एसआई मनोज कुमार के खिलाफ कई गंभीर तथ्य सामने आए।
जांच में पाया गया कि एसआई मनोज कुमार ने जब्त किए गए मोबाइल फोन और दुकान की चाबी को कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना दो महीने से अधिक समय तक अपने कब्जे में रखा। इस दौरान न तो जब्ती सूची तैयार की गई और न ही इसकी सूचना विभाग या न्यायालय को दी गई। जांच अधिकारियों ने एसआई के आचरण को संदिग्ध, अनुशासनहीन और विभागीय नियमों के विपरीत माना।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई मनोज कुमार को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, गया निर्धारित किया गया है।