सहरसा में दर्दनाक सड़क हादसा: सीमेंट लाने जा रहे 17 वर्षीय युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया
सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मृतक की पहचान धबौली पूर्वी पंचायत के केशवपुर बस्ती वार्ड संख्या-12 निवासी बीरेंद्र राम के पुत्र आशिष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशिष कुमार साइकिल से धबौली बाजार सीमेंट लाने जा रहा था। इसी दौरान पस्तपार-धबौली-कहरा मुख्य सड़क मार्ग पर कन्या मध्य विद्यालय धबौली के समीप तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने धबौली बैंक चौक और केशवपुर मोड़ के बीच मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया।
इस दौरान लोगों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पतरघट और पस्तपार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन लगातार बढ़ रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर नियमित जांच अभियान चलाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।