भगवानपुर (बेगूसराय)। तेयाय ओपी की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहे नशीले पदार्थों की तस्करी का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने फतेहपुर गांव स्थित एक डेरा पर छापेमारी कर 23.18 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस दौरान कांग्रेस नेता समेत दो को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाइक और दो एंड्रायड मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
तेयाय ओपी की प्रभारी कुमारी निकिता भारती को 20 मई की दोपहर करीब 2:45 बजे गुप्त सूचना मिली कि तेयाय ओपी क्षेत्र के फतेहपुर गांव में कांग्रेस नेता रविरंजन सिंह के मुर्गी फार्म के पास बने एक डेरा में कुछ लोग स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। निर्देश प्राप्त होने के बाद ओपी प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी
छापेमारी टीम में ASI सरोज कुमार, रिजर्व गार्ड शिवराम साह एवं हरिनंदन यादव शामिल थे। पुलिस को देखते ही डेरा में मौजूद दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे।
हालांकि सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के दुलारपुर नया टोला वार्ड संख्या-छह निवासी दिनेश सिंह के 42 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार तथा उसी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-तीन निवासी स्व. चंद्रशेखर सिंह के 39 वर्षीय पुत्र रविरंजन सिंह के रूप में हुई।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपितों द्वारा बताए गए बाइक की डिक्की से पन्नी में लिपटा हुआ संदिग्ध पदार्थ बरामद किया। इसका वजन 23.18 ग्राम का स्मैक निकला।
इसके अलावा पुलिस ने डेरा से दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी बरामद किए। बरामद स्मैक, बाइक एवं मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर सील करते हुए थाना लाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। ओपी प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी अंकित कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।