बिहार में सरपंच के घर से 165 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, उत्पाद विभाग ने किया गिरफ्तार
भरगामा के पेकवार गांव में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिहार में शराबबंदी कानून के बीच उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भरगामा थाना क्षेत्र के पेकवार गांव से एक सरपंच को 16 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 165 लीटर बताई जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पेकवार गांव वार्ड संख्या-10 के सरपंच के खिलाफ लंबे समय से अवैध शराब की खरीद-बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में आरोप था कि सरपंच अपने घर और आसपास के इलाके में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की आपूर्ति कर रहे थे।
नए आवास पर छापेमारी में मिली शराब
सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग ने पहले शिकायतों का सत्यापन कराया और इसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। शनिवार को टीम ने सरपंच के नए आवास पर अचानक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर के पीछे खाली जमीन पर पॉलीथिन से ढकी हुई 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही शराब जब्त कर ली और आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार निषेध अधिनियम के तहत दर्ज होगी एफआईआर
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मामले में बिहार निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर शराब की आपूर्ति श्रृंखला और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बड़े स्तर पर बिक्री की आशंका
उत्पाद विभाग का मानना है कि बरामद शराब बड़े स्तर पर बिक्री के उद्देश्य से रखी गई थी। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के मामले सामने आते रहते हैं, जिन पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है।