Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:एकतरफा प्यार में युवती की गोली मारकर हत्या: शादी से इनकार पर सनकी आशिक ने घर में घुसकर मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 7, 2026

BIHAR:एकतरफा प्यार में युवती की गोली मारकर हत्या: शादी से इनकार पर सनकी आशिक ने घर में घुसकर मारी गोली

अररिया में एकतरफा प्यार में युवती की गोली मारकर हत्या: शादी से इनकार पर सनकी आशिक ने घर में घुसकर मारी गोली

अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत रमई पंचायत के घोराघाट वार्ड नंबर-1 में गुरुवार को एकतरफा प्यार में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पड़ोस के रहने वाले 25 वर्षीय मो. कासिब ने घर में घुसकर सो रही युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान ग्यासुदीन की बेटी मो. चांदनी खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को ही लड़की को देखने लड़के वाले आने वाले थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद आरोपी गुस्से में था और उसने घटना को अंजाम दे दिया।

तीन साल से शादी का बना रहा था दबाव

मृतका के बड़े पापा मो. गुरफान ने बताया कि कासिब और चांदनी बचपन से पड़ोसी थे। दोनों पहले एक ही मदरसा में पढ़ते थे। समय के साथ बातचीत कम हो गई, लेकिन आरोपी युवती से एकतरफा प्यार करने लगा।

परिजनों के अनुसार, साल 2020 में आरोपी ने पहली बार अपने प्यार का इजहार किया था, लेकिन चांदनी ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था। युवती ने उसे कहा था कि वह अपने माता-पिता की मर्जी से ही शादी करेगी। इससे नाराज होकर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

घर में घुसकर सोते समय की फायरिंग

बताया जा रहा है कि बुधवार को आरोपी को जानकारी मिली थी कि चांदनी को देखने लड़के वाले आने वाले हैं। इसी बात से वह नाराज था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जैसे ही युवती की मां घर का मुख्य गेट खोलकर बाहर निकलीं, आरोपी घर में घुस गया।

उस समय चांदनी अपनी छोटी बहन के साथ कमरे में सो रही थी। आरोपी ने बेहद करीब से तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली युवती के सीने में लगी, जबकि दो गोलियां हाथ में लगीं। बताया जा रहा है कि हथियार में साइलेंसर लगा होने के कारण छोटी बहन को गोली चलने की आवाज तक नहीं सुनाई दी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद छोटी बहन की नजर खून से लथपथ बहन पर पड़ी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल चांदनी को आनन-फानन में इलाज के लिए फारबिसगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉ. कृष्ण मोहन कुमार ने बताया कि युवती के दाहिने सीने में गोली लगी थी। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पोस्टमॉर्टम के लिए भटकते रहे परिजन

घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमॉर्टम से पहले एक्स-रे सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण शव को फारबिसगंज और रानीगंज के बीच कई किलोमीटर तक ले जाना पड़ा।

जिला पार्षद ने स्वास्थ्य व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि खुलेआम ऐसी घटना होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आरोपी मो. कासिब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।