Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो घायल; चार गिरफ्तार, पिस्टल व वाहन बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 15, 2026

SUPAUL:जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो घायल; चार गिरफ्तार, पिस्टल व वाहन बरामद

सुपौल में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो घायल; चार गिरफ्तार, पिस्टल व वाहन बरामद

सुपौल: जिले के किशनपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तुलापट्टी पंचायत के वार्ड नंबर-02 स्थित तुलापट्टी गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अन्त प्रकाश यादव अपने खेत में कुदाल से आड़ी बना रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई और फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस घटना में अन्त प्रकाश यादव और माहेश्वरी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल रेफर

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

साजिश कर हमला कराने का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जय प्रकाश यादव और मोनू कुमार यादव ने पहले से साजिश के तहत 10 से 15 लोगों को बुलाकर जान मारने की नीयत से हमला कराया।

पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अन्य आरोपी मौके से दीवार फांदकर पास के मक्का खेत में फरार हो गए।

पिस्टल, कार और चार बाइक जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से चार मोटरसाइकिल, एक डिजायर कार और एक पिस्टल बरामद कर जब्त कर लिया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बुधवार दोपहर बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।