Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, बाथरूम से मिला शव; मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 15, 2026

BIHAR:संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, बाथरूम से मिला शव; मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

औरंगाबाद में संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, बाथरूम से मिला शव; मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

औरंगाबाद: जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के बाथरूम से बरामद किया गया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतका की पहचान इब्राहिमपुर गांव निवासी बिट्टू सिंह की पत्नी काजल कुमारी (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

एक साल पहले हुई थी शादी

मृतका के चाचा नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र के कुड़वां गांव निवासी मुन्ना सिंह ने बताया कि काजल के पिता शिवकुमार सिंह का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल 2025 को काजल की शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार इब्राहिमपुर गांव निवासी प्रमोद सिंह के पुत्र बिट्टू सिंह से हुई थी।

शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। दंपति की तीन माह की एक मासूम बेटी भी है। परिजनों के अनुसार शादी के समय उपहार स्वरूप दहेज भी दिया गया था।

अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर काजल को प्रताड़ित करने लगे थे। रुपये नहीं देने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।

परिजनों ने बताया कि काजल पिछले कुछ दिनों से मायके जाने की बात कह रही थी, लेकिन ससुराल वाले उसे जाने नहीं दे रहे थे। मंगलवार को खरमास समाप्त होने के बाद उसने पति से मायके भेजने की बात कही। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उससे आभूषण घर पर छोड़कर जाने को कहा, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया।

मायके पक्ष का दावा है कि इसी विवाद के दौरान काजल की गला दबाकर हत्या कर दी गई। जब परिजन पहुंचे तो ससुराल वाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, जिससे उनका शक और गहरा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

ससुराल पक्ष ने कहा- आत्महत्या की

वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि काजल मायके जाने की जिद कर रही थी। पति ने कुछ दिन बाद भेजने की बात कही तो वह नाराज हो गई और बाथरूम में जाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने हत्या के आरोपों को निराधार बताया है।

एफएसएल टीम करेगी जांच

कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।