सहरसा पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरजिला लुटेरा गिरोह का खुलासा; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध
सहरसा: सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक शातिर लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। हाल के दिनों में सहरसा और मधेपुरा जिले में लगातार हो रही लूट की घटनाओं के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से दोनों जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरोह द्वारा सहरसा सदर थाना क्षेत्र स्थित सीएसपी केंद्र से लूट, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मी पर फायरिंग कर लूट, बसनही थाना क्षेत्र में मवेशी हाट के पास एनएच-107 पर हथियार के बल पर लूट तथा मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक से लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
संयुक्त टीम बनाकर शुरू हुई कार्रवाई
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक कोसी क्षेत्र के निर्देशन में सहरसा और मधेपुरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक सहरसा के नेतृत्व में विशेष टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी से मिला सुराग
गठित टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े, फुटवियर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की गई।
छापेमारी कर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है।
एक नाबालिग भी निरुद्ध
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया है। उससे भी पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों का खुलासा किया जा सके।