Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:भैंस से टकराई बाइक, PG छात्र की मौत; सहरसा में होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 22, 2026

SAHARSA:भैंस से टकराई बाइक, PG छात्र की मौत; सहरसा में होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल

भैंस से टकराई बाइक, PG छात्र की मौत; सहरसा में होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल

सहरसा में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीजी के छात्र की मौत हो गई, जबकि एक होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिहरा थाना क्षेत्र के तुनियाही के समीप हुआ, जहां बाइक सवार दो लोग सड़क पर अचानक आई भैंस से टकरा गए।

मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी सज्जन यादव के 24 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार उर्फ निरंजन के रूप में हुई है। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सपटियाही निवासी 30 वर्षीय आलोक कुमार उर्फ अजय देव के रूप में हुई है, जो सहरसा में होमगार्ड जवान के पद पर कार्यरत हैं।

सुपौल से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार नीरज कुमार अपनी बाइक से आलोक कुमार के साथ गए थे। दोनों वापस सहरसा लौट रहे थे। इसी दौरान तुनियाही के पास सड़क पर अचानक एक भैंस आ गई, जिससे उनकी बाइक सीधी टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में छात्र को मृत घोषित किया गया

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सहरसा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नीरज कुमार को मृत घोषित कर दिया।

वहीं आलोक कुमार के मुंह और एक हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

पीजी की पढ़ाई कर रहा था नीरज

परिजनों के अनुसार नीरज अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह सहरसा के शिवपुरी ढाल के पास किराए के मकान में रहकर स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बिहरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।