Kosi Live-कोशी लाइव बेगूसराय में दरभंगा गोल्ड हाइस्ट जांच के दौरान बम ब्लास्ट, STF जवान समेत पांच पुलिसकर्मी घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 11, 2026

बेगूसराय में दरभंगा गोल्ड हाइस्ट जांच के दौरान बम ब्लास्ट, STF जवान समेत पांच पुलिसकर्मी घायल

बेगूसराय में दरभंगा गोल्ड हाइस्ट जांच के दौरान बम ब्लास्ट, STF जवान समेत पांच पुलिसकर्मी घायल

बेगूसराय। दरभंगा सोना लूटकांड की जांच के दौरान बेगूसराय जिले में बड़ा हादसा हो गया। नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान अचानक बम विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एसटीएफ जवान समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दरभंगा लूटकांड से जुड़ा सोना वृंदावन गांव में छिपाकर रखा गया है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान पर खुदाई कर रही थी। खुदाई के दौरान जमीन में दबा बम अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार, नावकोठी निवासी संदीप कुमार के घर के पास बम दबा हुआ था। हादसे में घायल सभी पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए भेजा गया। इनमें दो को ज्यादा चोट लगने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार कराया गया।

घायलों की पहचान एसआई विपिन कुमार ओझा, एसआई गुड़िया कुमारी, एसटीएफ जवान धर्मेंद्र कुमार, ज्ञानी कुमार और नगीना कुमार के रूप में हुई है। विपिन कुमार ओझा और मृत्युंजय मंडल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने गांव में कैंप कर दिया है और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। बम विस्फोट के पीछे साजिश और अन्य पहलुओं की जांच में एजेंसियां जुट गई हैं।