किशनगंज में बिना हेलमेट पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, दरोगा और महिला जवान का कटा चालान
किशनगंज। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के सख्त निर्देश पर बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले पुलिस अधिकारी और जवानों का चालान काटा जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों के साथ-साथ सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सरकारी कर्मियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस उपाधीक्षक यातायात, यातायात थानाध्यक्ष और सभी थाना प्रभारियों को नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
इसी क्रम में 11 अप्रैल को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह ने किशनगंज में तैनात एक पुलिस अवर निरीक्षक और एक महिला सिपाही को बिना हेलमेट बाइक और स्कूटी चलाते हुए पकड़ा। दोनों का मौके पर ही चालान काटा गया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग के अंदर भी नियमों के पालन को लेकर गंभीरता बढ़ी है। किशनगंज पुलिस ने साफ कहा है कि आम जनता, पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी या सरकारी कर्मचारी—कोई भी यातायात नियमों से ऊपर नहीं है। हेलमेट नहीं पहनने या नियम तोड़ने वालों पर बिना भेदभाव के चालान किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि सड़क हादसे अधिकतर लापरवाही के कारण होते हैं। हेलमेट सिर की सुरक्षा का सबसे सस्ता और प्रभावी साधन है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में जिले में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में कई युवाओं की जान गई है, इसलिए यह अभियान लोगों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।