बिहार में हड़ताली अंचल अधिकारियों पर सरकार का बड़ा एक्शन, तीन CO सस्पेंड
पटना। बिहार में हड़ताल कर रहे अंचल अधिकारियों के खिलाफ राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तीन अंचल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें दो महिला अधिकारी भी शामिल हैं। सरकार के इस कदम को प्रशासनिक अनुशासन लागू करने की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बक्सर सदर के अंचल अधिकारी राहुल कुमार, भागलपुर के शाहकुंड अंचल की डॉ. हर्षा कोमल और सीतामढ़ी के डुमरा अंचल की डौली कुमारी को सस्पेंड किया गया है। इससे पहले भी हड़ताल में शामिल तीन अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। अब तक कुल छह अधिकारियों पर विभाग सख्ती दिखा चुका है।
इन अधिकारियों पर आरोप है कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान कार्यों में बाधा पहुंचाई गई और विभागीय मंत्री के कार्यक्रमों से दूरी बनाई गई। साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और जिम्मेदारियों के निर्वहन में कोताही बरतने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने यह भी कहा है कि संबंधित अधिकारियों ने निर्धारित राजस्व लक्ष्य पूरा नहीं किया, जिससे सरकारी आय प्रभावित हुई। इसके अलावा हाईकोर्ट के अतिक्रमण हटाने संबंधी आदेशों का पालन नहीं करना भी गंभीर आरोपों में शामिल है।
निलंबन अवधि के दौरान तीनों अधिकारियों का मुख्यालय पूर्णिया कमिश्नरी तय किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामला सिर्फ निलंबन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इनके खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जाएगी।
इस कार्रवाई को सरकार के सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि सरकारी कामकाज में बाधा डालने और अनुशासनहीनता बरतने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।