सहरसा में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹25 हजार का इनामी अपराधी मनीष पांडेय गिरफ्तार
सहरसा। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में ₹25 हजार के इनामी अपराधी मनीष पांडेय को गिरफ्तार किया गया है।
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में साइबर डीएसपी अजित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी मनीष पांडेय, पिता शत्रुघ्न पांडेय, बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र का निवासी है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था।
डीएसपी ने बताया कि मनीष पांडेय का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लूट, छिनतई, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वह कुख्यात तिवारी गैंग का सक्रिय सदस्य है। यह गैंग विभिन्न जिलों में सुनसान इलाकों, बाजारों और सड़क मार्गों पर राहगीरों को निशाना बनाकर हथियार के बल पर लूट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, तिवारी गैंग की गतिविधियों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। ऐसे में मनीष पांडेय की गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी कामयाबी माना है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।