Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश, नोजल मैन को मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 11, 2026

SAHARSA:सहरसा में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश, नोजल मैन को मारी गोली

सहरसा में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश, नोजल मैन को मारी गोली

सहरसा जिले में एक बार फिर अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दी है। बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश के दौरान बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।

घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तीरी स्थित पूजा फ्यूल सेंटर की है। मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां कार्यरत नोजल मैन आनंद कुमार से टंकी फुल करने को कहा। किसी कारणवश जब आनंद कुमार ने उनकी बात मानने से इनकार किया, तो बदमाश आक्रामक हो गए।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकालकर आनंद कुमार पर तान दी और उससे रुपए की मांग करने लगा। हालांकि, आनंद कुमार ने साहस दिखाते हुए रुपए देने से साफ इनकार कर दिया। इससे नाराज बदमाश ने उस पर गोली चला दी, जो उसके पैर में जा लगी।

गोली की आवाज सुनते ही पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके का फायदा उठाकर तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल आनंद कुमार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक उसके पैर से गोली निकाल दी है और फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से इलाके में भय का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा करती है।