सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा: लोकप्रिय डॉक्टर की मौत, एक युवक गंभीर घायल
सुपौल जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-91 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक लोकप्रिय डॉक्टर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नेपाल के सप्तरी जिला निवासी करीब 40 वर्षीय डॉ. एस. के. यादव (शशि कुमार यादव) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. यादव सिमराही में रहकर निजी क्लिनिक चलाते थे और किसी जरूरी काम से बाइक से विराटनगर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे स्प्लेंडर बाइक सवार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बलुआ थाना पुलिस ने दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद डॉ. यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल युवक दीपेश कुमार, निवासी प्रतापगंज, का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
डॉ. यादव क्षेत्र में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे थे और गरीबों की मदद के लिए भी जाने जाते थे। उनके निधन की खबर से मरीजों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों ने बताया कि डॉ. यादव अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा अमेरिका में डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहा है। हाल ही में परिवार में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
इधर, बलुआ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।