दहेज के लिए विवाहिता पर हैवानियत का आरोप: मारपीट कर गर्म लोहे की छड़ से दागा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
सोनवर्षाराज। प्रखंड क्षेत्र के देहद पंचायत अंतर्गत मोहनुपुर गांव में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने एक विवाहिता के साथ मारपीट कर गर्म लोहे की छड़ से शरीर के कई हिस्सों में दाग दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गुरुवार को परिजनों ने जख्मी महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनवर्षाराज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
पीड़िता रिफत खातून, मोहनुपुर निवासी कयूम आलम की पुत्री बताई जा रही है। उसकी मां साजन खातून ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसकी शादी देहद गांव निवासी मो. हारुन के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
चार लाख रुपये और बाइक की मांग का आरोप
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी से लगातार चार लाख रुपये नकद और एक बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर पति मो. हारुन, सास बेचनी खातून, ससुर मो. इल्यास, देवर फारूख समेत अन्य परिजनों द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी।
गर्म लोहे से दागने का आरोप
परिजनों के अनुसार, इस बार ससुराल वालों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए रिफत खातून को बुरी तरह पीटा और गर्म लोहे की छड़ से शरीर के कई हिस्सों में दाग दिया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह जान बचाकर अपने मायके मोहनुपुर पहुंची, जहां से परिजनों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया।
पुलिस बोली- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला को इलाज के लिए भेजा गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।