मधेपुरा में न्यू बस स्टैंड जल्द होगा शुरू, डीएम अभिषेक रंजन ने किया निरीक्षण
मधेपुरा। आमजनों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने गुरुवार को न्यू बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बस स्टैंड को यथाशीघ्र चालू करने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित सुविधाओं का लाभ मिल सके।
संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि न्यू बस स्टैंड के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
ऑटो स्टैंड निर्माण का भी निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने न्यू बस स्टैंड के समीप ऑटो स्टैंड निर्माण कराने का निर्देश भी दिया। इसका उद्देश्य यात्रियों को बस से उतरने के बाद स्थानीय परिवहन के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उन्हें सहज एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
सभी बसों का परिचालन न्यू बस स्टैंड से होगा
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले की सभी बसों का परिचालन न्यू बस स्टैंड से ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से आम लोगों को राहत मिलेगी।
शहर की व्यवस्था होगी बेहतर
डीएम ने कहा कि इस पहल से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनेगी, जिससे यात्रियों और आमजनों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा।