समस्तीपुर में फौजी की पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप, दो साल से न्याय के लिए भटक रहे नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। देश की सेवा में तैनात एक जवान ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर बेला गांव निवासी फौजी नवनीत कुमार झा ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से वे जमीन मुक्त कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गुजरात के भुज में पदस्थापित हैं फौजी
नवनीत कुमार झा वर्तमान में गुजरात के भुज में देश सेवा में पदस्थापित हैं। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ भूमाफियाओं ने उनकी 6 बीघा 6 कट्ठा 15 धुर खतियानी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। इस मामले को लेकर वे लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं।
अधिकारियों पर टाल-मटोल का आरोप
फौजी नवनीत कुमार झा ने आरोप लगाया कि जमीन खाली कराने के लिए वे पिछले दो वर्षों से कर्पूरी ग्राम थाना, अनुमंडल कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन हर जगह अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए मामले को टाल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके पिता सनातन झा गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। परिवार की आजीविका इसी जमीन पर निर्भर है।
सेना कार्यालय से भी भेजा गया पत्र
नवनीत कुमार झा के अनुसार, उन्होंने इस मामले की शिकायत अपने फौजी कार्यालय में भी दर्ज कराई थी। वहां से समस्तीपुर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन भेजा गया था, लेकिन उसके बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
डीएम से दोबारा लगाई न्याय की गुहार
हाल ही में फौजी नवनीत कुमार झा ने एक बार फिर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा से मुलाकात कर भूमाफियाओं द्वारा जमीन कब्जाने के संबंध में लिखित आवेदन सौंपा।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार को जांच का निर्देश दिया है।
डीएम बोले- रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि फौजी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए एसडीओ को निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि फौजी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर कर्पूरी ग्राम थाना को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
समस्तीपुर में इससे पहले भी भूमि विवाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिसमें कल्याणपुर प्रखंड निवासी एक रिटायर्ड फौजी अरुण कुमार चौधरी को मृत घोषित कर उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया गया था और उनकी जमीन फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा ली गई थी। बाद में जिंदा होने का प्रमाण लेकर वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे।
अब एक बार फिर फौजी की जमीन कब्जाने का मामला सामने आने से प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।