सहरसा में जमीन विवाद में शिक्षिका से मारपीट: प्लॉट पर चारदीवारी बनवाने के दौरान हमला, सदर थाना में शिकायत
सहरसा | रिपोर्ट
सहरसा में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका को जमीन विवाद के चलते कुछ लोगों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। पीड़ित शिक्षिका ने रविवार रात सदर थाना पहुंचकर आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
चारदीवारी निर्माण के दौरान हुआ हमला
घटना सहरसा नगर निगम क्षेत्र के कहरा कुटीर के समीप की है। बताया गया कि शिक्षिका भगवती देवी अपने खरीदे हुए प्लॉट पर चारदीवारी बनवा रही थीं। इसी दौरान मजदूरों द्वारा काम कराए जाने के समय कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और विवाद करते हुए उन पर हमला कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान उनके पति और मजदूरों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद उनकी जान बच सकी।
2011 में खरीदी थी डेढ़ कट्ठा जमीन
40 वर्षीय भगवती देवी सहरसा शहर के महावीर चौक की निवासी हैं और नवहट्टा प्रखंड स्थित महुआ चाही मिडिल स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। उनके पति दिल्ली पुलिस में सिपाही हैं।
शिक्षिका ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में अशरफी साह से करीब साढ़े सात लाख रुपये में डेढ़ कट्ठा जमीन खरीदी थी।
कई लोगों पर लगाया मारपीट का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुखदेव, दिलखुश, घनश्याम समेत अन्य लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट कर घायल कर दिया।
सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
मारपीट में जख्मी होने के बाद शिक्षिका भगवती देवी का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में कराया गया। इसके बाद उन्होंने सदर थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कही यह बात
सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। आवेदन प्राप्त हुआ है और जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।