नालंदा में हर्ष फायरिंग में युवक की मौत: दोस्त के तिलक समारोह में चली गोली, 27 अप्रैल को होनी थी शादी
नालंदा | रिपोर्ट
बिहार के नालंदा जिले में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने गया था, जहां बार बालाओं के नाच के दौरान तड़ातड़ गोलियां चलाई जा रही थीं। घटना बिंद थाना क्षेत्र के अमावा गांव की है। युवक की शादी 27 अप्रैल को होने वाली थी।
मृतक की पहचान छोटू कुमार के रूप में
मृत युवक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी उपेंद्र प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम उसका तिलक समारोह होना था, जबकि 27 अप्रैल को बिंद थाना क्षेत्र के छत्तरबीघा गांव में उसकी शादी तय थी।
बार बालाओं के नाच के दौरान चली गोली
मृतक के चचेरे भाई सूरज कुमार ने बताया कि वह छोटू कुमार के साथ अमावा गांव अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने आया था। दूसरी मंजिल की छत पर बार बालाओं का नाच चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई।
जब वह ऊपर पहुंचा तो देखा कि छोटू कुमार खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। उसने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों को सूचना देने के बाद युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शादी का माहौल मातम में बदला
परिजनों ने बताया कि छोटू कुमार के तिलक की पूरी तैयारी कर ली गई थी। घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन घटना के बाद पूरा परिवार मातम में डूब गया है।
पुलिस कर रही जांच
मामले की जांच के लिए पहुंचे सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। वह लूटपाट और आर्म्स एक्ट के मामलों में बाढ़ और बिहारशरीफ जेल जा चुका था। पुलिस पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।