Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:करोड़ों टैक्स वसूलने वाली नगर परिषद की हालत बेहाल: कुमारी विनीता भारती ने मधेपुरा नगर परिषद पर साधा निशाना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 19, 2026

MADHEPURA:करोड़ों टैक्स वसूलने वाली नगर परिषद की हालत बेहाल: कुमारी विनीता भारती ने मधेपुरा नगर परिषद पर साधा निशाना

करोड़ों टैक्स वसूलने वाली नगर परिषद की हालत बेहाल: कुमारी विनीता भारती ने मधेपुरा नगर परिषद पर साधा निशाना

मधेपुरा : पप्पू मेहता की रिपोर्ट

मधेपुरा नगर परिषद की पूर्व पार्षद, पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी एवं भावी मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने नगर परिषद की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लक्ष्मीपुर मोहल्ले का दौरा कर वहां महीनों से जमा गंदे पानी और जर्जर सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताई।

लक्ष्मीपुर मोहल्ले में जलजमाव से लोगों की परेशानी

कुमारी विनीता भारती ने कहा कि मधेपुरा नगर परिषद के मुख्य बाजार स्थित मेन एसबीआई रोड से लक्ष्मीपुर मोहल्ले जाने वाली सड़क पर नाला निर्माण के बाद गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। इस गड्ढे में महीनों से गंदा पानी जमा है, जिससे इलाके में बदबू और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि जमा पानी में कीड़े-मकोड़े तक पनप रहे हैं, लेकिन नगर परिषद प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

टैक्स वसूली पर ज्यादा जोर, सुविधा पर नहीं

विनीता भारती ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में इन दिनों सिर्फ टैक्स वसूली का खेल चल रहा है। दुकानदारों पर टैक्स का दबाव बनाया जा रहा है, दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन नागरिक सुविधाओं की अनदेखी हो रही है।

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये टैक्स वसूलने वाली नगर परिषद अगर जनता को मूलभूत सुविधा नहीं दे सकती, तो ऐसी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

दुकानदारों का कारोबार प्रभावित

उन्होंने कहा कि गंदे पानी और खराब सड़क की वजह से दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो चुका है। कई लोग इस रास्ते पर गिरकर घायल हो चुके हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।

विकास कार्यों पर ध्यान देने की मांग

कुमारी विनीता भारती ने नगर परिषद के मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी से मांग की कि टैक्स वसूली के साथ-साथ विकास कार्यों पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पहले शहरवासियों को सुविधा दी जाए, उसके बाद टैक्स लिया जाए।

आंदोलन की चेतावनी

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर परिषद की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।