Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:दिनदहाड़े पेट्रोल पंप लूट, नोजल मैन को गोली मारकर 18 हजार रुपये ले उड़े बदमाश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 11, 2026

SAHARSA:दिनदहाड़े पेट्रोल पंप लूट, नोजल मैन को गोली मारकर 18 हजार रुपये ले उड़े बदमाश

हेडलाइन: सहरसा में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप लूट, नोजल मैन को गोली मारकर 18 हजार रुपये ले उड़े बदमाश

सहरसा/सौरबाजार: सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग एनएच-107 पर तीरी गांव के पास स्थित पूजा फ्यूल सेंटर पर शनिवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर कार्यरत नोजल मैन को गोली मारकर 18 हजार रुपये लूट लिये और फरार हो गये। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

घायल नोजल मैन की पहचान बैजनाथपुर निवासी 22 वर्षीय आनंद कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए बैजनाथपुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही साइबर डीएसपी अजीत कुमार और बैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान में जुटी है।

फ्यूल सेंटर संचालक सह सहरसा व्यापार मंडल अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने बताया कि अपराधियों ने पहले नोजल मैन को गोली मारी, फिर 18 हजार रुपये लूट लिये। उन्होंने बैजनाथपुर थाना पुलिस पर कमजोर पुलिसिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में गश्ती नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

उन्होंने बताया कि फरवरी 2025 में भी इसी पेट्रोल पंप पर बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने नोजल मैन को गोली मारकर 25 हजार रुपये लूट लिये थे। यह पंप पर लूट की दूसरी बड़ी घटना है।

साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।