Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:कटिहार में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को कुचला, 10 की मौत, 30 से अधिक घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 11, 2026

BIHAR:कटिहार में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को कुचला, 10 की मौत, 30 से अधिक घायल

कटिहार में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को कुचला, 10 की मौत, 30 से अधिक घायल

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर डागपुर बकरी फार्म के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर कई लोगों को कुचलती चली गई। इस भीषण हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही थी। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। जैसे ही बस डागपुर बकरी फार्म के पास पहुंची, चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क पर जा रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान बस ने एक पिकअप वाहन को भी टक्कर मार दी, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। तेज रफ्तार और बेकाबू बस की चपेट में सड़क किनारे मौजूद कई लोग आ गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों में अब तक एक महिला की पहचान पूर्णिया निवासी 35 वर्षीय चिंतामणी महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोढ़ा के बड़हरा कोठी स्थित अपने रिश्तेदार के यहां आई थीं। शेष नौ मृतकों की पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी है। वहीं कई घायलों की भी पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस भीषण दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।