केमिकल से रंगी भिंडी बेचने पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, विक्रेता गिरफ्तार
पूर्णियां/बनमनखी। जिले के बनमनखी प्रखंड स्थित धरहरा चौक पर मंगलवार को प्रशासन ने मिलावटी सब्जी बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए केमिकल से रंगी भिंडी बेच रहे एक विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया। पूर्णिया जिले में इस तरह की यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बनमनखी अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार एनएचआई के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त साइट विजिट पर थे। इसी दौरान उनकी नजर धरहरा चौक पर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो केमिकल से रंगी भिंडी बेच रहा था।
एसडीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित विक्रेता भिंडी को अधिक आकर्षक दिखाने के लिए उसमें रासायनिक रंग का उपयोग कर रहा था, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए विक्रेता को बनमनखी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही जिला खाद्य पदाधिकारी से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी गई।
एसडीओ ने बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार को निर्देश दिया है कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बाजार में मिलावटी और रंगी सब्जी बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।