हेडलाइन:
सहरसा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर घायल
खबर:
सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा NH-107 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सोनबरसा राज थाना क्षेत्र के लगमा पंचायत अंतर्गत सिररही गांव निवासी अबू तलाक (20) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और आलिम की पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, अबू तलाक शनिवार को अपने पड़ोसी अमर राम (22) के साथ बाइक से सहरसा गया था। घर से निकलते समय उसने कहा था कि सहरसा में उसके एक परिचित की आकस्मिक मौत हो गई है, उसे देखने जा रहा हूं और शाम तक लौट आऊंगा। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक सहरसा से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सौर बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान अबू तलाक की मौत हो गई। वहीं अमर राम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में जारी है।
अबू तलाक की मौत की खबर मिलते ही सिररही गांव में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अबू पढ़ाई कर रहा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।