रसगुल्ला में नशा खिलाकर 20 कट्ठा जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप, वृद्ध पहुंचा सीएम जनता दरबार
मधेपुरा। जिले में जमीन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरलीगंज वार्ड संख्या-2 निवासी 76 वर्षीय वृद्ध जगदीश मुखिया ने आरोप लगाया है कि जमीन माफियाओं ने पेंशन बढ़ाने का लालच देकर रसगुल्ला में नशा खिलाया और उनकी 20 कट्ठा जमीन अपने नाम रजिस्ट्री करा ली। न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचा।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
जनता दरबार में आवेदन मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के आदेश दे दिए हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से जमीन वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
7 जनवरी को हुई थी घटना
पीड़ित जगदीश मुखिया ने बताया कि 7 जनवरी 2026 को गांव के संजय मुखिया समेत कुछ अन्य लोगों ने पेंशन बढ़ाने का झांसा देकर उन्हें रसगुल्ला खिलाया। आरोप है कि रसगुल्ला में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। इसके बाद उन्हें जिला मुख्यालय ले जाकर उनकी जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई।
अगले दिन चला जमीन बिकने का पता
जगदीश मुखिया ने बताया कि 8 जनवरी को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी 20 कट्ठा जमीन संजय मुखिया ने जमीन माफियाओं के साथ मिलकर अपने नाम रजिस्ट्री करा ली है।
जब वे विरोध करने आरोपी के घर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धक्कामुक्की कर भगा दिया।
29 जनवरी को दर्ज हुई FIR
इस मामले में मुरलीगंज थाना में 29 जनवरी 2026 को नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने प्रखंड और जिला स्तर के कई अधिकारियों को आवेदन दिया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बहू ने भी लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित की बहू पूजा कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके ससुर को नशीला पदार्थ खिलाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद परिवार न्याय की गुहार लेकर मुख्यमंत्री जनता दरबार पहुंचा है।