पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष सस्पेंड, वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना पड़ा महंगा
पूर्णिया। सोशल मीडिया पर वर्दी पहनकर रील बनाना और उसे पोस्ट करना पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष को महंगा पड़ गया। विभागीय नियमों की अनदेखी करते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो डालने के मामले में महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने पहले ही जारी किया था निर्देश
पुलिस मुख्यालय द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किया गया था कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। इसे अनुशासन, वर्दी की गरिमा और विभागीय छवि से जुड़ा गंभीर मामला माना गया है।
इसके बावजूद पूर्णिया में तैनात महिला थानाध्यक्ष लगातार अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वर्दी में रील्स पोस्ट कर रही थीं। मामला सामने आने के बाद विभाग ने इसे SOP का सीधा उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
एसपी ने लिया कड़ा एक्शन
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी के कड़ी कार्रवाई की और शबाना आजमी को सस्पेंड कर दिया।
बताया जा रहा है कि विभाग सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की गतिविधियों पर अब विशेष नजर रख रहा है।
पहले भी विवादों में रह चुकी हैं
यह पहला मामला नहीं है जब शबाना आजमी विवादों में आई हों। इससे पहले भी उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल उठ चुके हैं।
फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी प्रभारी रहने के दौरान रिश्तेदारों को सरकारी कार्यालय में अपनी कुर्सी पर बैठाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। कुछ लोगों ने इसे पुलिस मैनुअल का उल्लंघन बताया था। मामला बढ़ने पर उन्होंने वह पोस्ट फेसबुक और इंस्टाग्राम से हटा दिया था।
एसपी की सख्त चेतावनी
एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि वर्दी की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों के आचरण पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया का उपयोग बेहद सावधानी और विभागीय नियमों के तहत ही करें।