Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में तेज रफ्तार वन विभाग की बोलेरो मकान में घुसी,5 घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 23, 2026

सुपौल में तेज रफ्तार वन विभाग की बोलेरो मकान में घुसी,5 घायल

सुपौल में तेज रफ्तार वन विभाग की बोलेरो मकान में घुसी, पांच घायल; NH-31 पर बड़ा हादसा

राघोपुर (सुपौल)। थाना क्षेत्र के फिंगलास पंचायत अंतर्गत परसरमा गांव में मंगलवार की रात राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर वन विभाग की एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर को तोड़ते हुए एक मकान में घुसकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए, जबकि मकान को भी नुकसान पहुंचा है।

सो रहे परिवार की खुली नींद
गृहस्वामी उपेन्द्र यादव ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी जोरदार टक्कर और मकान हिलने जैसी आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। बाहर निकलने पर देखा कि एक बोलेरो पलटी हुई हालत में घर में घुसी पड़ी थी।

दो लोग वाहन में फंसे थे
उन्होंने बताया कि वाहन में सवार तीन लोग किसी तरह बाहर निकल चुके थे, जबकि दो लोग अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।

घायलों ने खुद को फॉरेस्ट रेंजर बताया
मिली जानकारी के अनुसार घायलों ने खुद को मधेपुरा वन विभाग का फॉरेस्ट रेंजर बताया और पहले इलाज कराने की बात कही। हालांकि सभी घायलों का इलाज कहां चल रहा है और उनकी स्थिति कैसी है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

वाहन और मकान दोनों क्षतिग्रस्त
हादसे के बाद बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं जिस मकान में वाहन घुसा, उसमें भी नुकसान हुआ है।

वन विभाग और पुलिस ने क्या कहा
राघोपुर वन विभाग के प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि उक्त वाहन डिविजन फॉरेस्ट के नाम से है, लेकिन यह उनके विभाग का नहीं है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां केवल क्षतिग्रस्त गाड़ी खड़ी मिली।