Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:नशा मुक्ति केंद्र में पिस्टल लहराते युवक का वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 8, 2026

BIHAR NEWS:नशा मुक्ति केंद्र में पिस्टल लहराते युवक का वीडियो वायरल

पिस्टल के साथ युवक का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस

कटिहार। नगर थाना क्षेत्र के विनोदपुर मोहल्ले से एक युवक का पिस्टल के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग की मुद्रा में दिखाई दे रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वायरल वीडियो में पिस्टल पकड़े युवक के साथ एक अन्य युवक और एक युवती भी नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह वीडियो विनोदपुर इलाके में संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी वीडियो के स्थान और अन्य तथ्यों की पुष्टि में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हथियार में गोली नहीं होने की बात भी सामने आ रही है। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग की मुद्रा में वीडियो बनाना गंभीर मामला माना जा रहा है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विशाल आनंद ने बताया कि वायरल वीडियो नगर थाना क्षेत्र से संबंधित प्रतीत हो रहा है। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ प्रारंभिक तौर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वीडियो में दिख रहे स्थान, उसमें शामिल लोगों तथा अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो में दिख रहा हथियार असली है या नकली तथा वीडियो कब बनाया गया था।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।