मधेपुरा में विवाहिता ने पति, ससुर और ननद पर लगाया मारपीट व हत्या के प्रयास का आरोप, महिला थाना में दिया आवेदन
मधेपुरा | पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के जगजीवन पथ वार्ड-13 की एक विवाहिता ने अपने पति, ससुर और ननद पर मारपीट, प्रताड़ना तथा हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने रविवार को महिला थाना पहुंचकर आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
वर्ष 2013 में हुई थी शादी
पीड़िता नेहा लाल ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2013 में हिंदू रीति-रिवाज से रितेश कुमार सिन्हा के साथ हुई थी। शादी में दहेज के रूप में करीब 55 लाख रुपये नकद एवं घरेलू सामान दिए गए थे। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 11 वर्षीय पुत्र और एक 5 वर्षीय पुत्री शामिल हैं।
पति पर अवैध संबंध का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ वर्ष से उनके शिक्षक पति का उत्तरप्रदेश निवासी एक शिक्षिका से अवैध संबंध है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध से जुड़े सबूत भी उनके पास मौजूद हैं।
पीड़िता के अनुसार, जब भी वह इसका विरोध करती हैं तो उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकालने जैसी घटनाएं की जाती हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास उपलब्ध हैं।
21 मार्च को घर से निकाला, 18 अप्रैल को हत्या की कोशिश का आरोप
नेहा लाल ने बताया कि 21 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पति, ससुर और ननद ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और बच्चों को छीनकर घर से बाहर निकाल दिया। हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
महिला ने आरोप लगाया कि 18 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे साजिश के तहत उनकी हत्या करने की नीयत से बेरहमी से पिटाई की गई और जमीन पर घसीटा गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मधेपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शरीर के कई हिस्सों में आई गंभीर चोट
पीड़िता ने बताया कि हमले में उनके सिर, नाक, मुंह, पेट और आंखों में गंभीर चोटें आई हैं।
जमीन बेचकर पैसा लाने का दबाव
महिला का आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार धमकी दे रहा है कि मायके से जमीन बेचकर पैसा लाओ, अन्यथा घर में नहीं रहने दिया जाएगा और पति दूसरी शादी कर लेगा।
महिला थाना अध्यक्ष ने क्या कहा
इस मामले में महिला थाना अध्यक्ष नीतू कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। महिला के पति को बुलाया गया है। केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।