Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भागलपुर में 40 लाख की शराब जब्त: पाकुड़ से सहरसा जा रही खेप पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 20, 2026

BIHAR:भागलपुर में 40 लाख की शराब जब्त: पाकुड़ से सहरसा जा रही खेप पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार

नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हाईवा से 2,925 लीटर विदेशी शराब जब्त, कीमत 40 लाख

भागलपुर/नवगछिया | रिपोर्ट

भागलपुर जिले की नवगछिया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,925 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। बरामद शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के पाकुड़ से एक हाईवा के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब नवगछिया लाई जा रही है। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन कर इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में विक्रमशिला सेतु के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।

संदिग्ध हाईवा को रोककर ली गई तलाशी

जांच के दौरान संदिग्ध हाईवा (JH10AV-4562) को रोका गया। चालक ने पुलिस को बताया कि गाड़ी में गिट्टी लोड है और इसे पाकुड़ से सहरसा ले जाया जा रहा है। लेकिन कड़ी पूछताछ और तलाशी के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

325 कार्टन में छिपाकर रखी गई थी शराब

हाईवा के केबिन में विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए 325 कार्टन से कुल 7,800 बोतल यानी 2,925 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

चालक गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल हो सकता है। उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

प्राथमिकी दर्ज, आगे कार्रवाई जारी

इस्माइलपुर थाना कांड संख्या 83/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अन्य तस्करों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

एसपी बोले- अभियान रहेगा जारी

एसपी राजेश कुमार ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद तस्कर पड़ोसी राज्यों से शराब लाने की कोशिश करते हैं। ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।