मुंगेर में SI की पत्नी को सर्विस पिस्टल से गोली लगी, मौत: पति बोला सुसाइड, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मुंगेर: मुंगेर और जमालपुर के बीच स्थित सफियासराय थाना में तैनात एसआई चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी (29) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। महिला के सीने में पति की सरकारी सर्विस पिस्टल से गोली लगी थी। घटना के बाद पति ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका समस्तीपुर जिले के विधान गांव निवासी रंजीत कुमार की बेटी और हसनपुर से जदयू विधायक राजकुमार राय की भतीजी बताई जा रही है। वह पिछले तीन महीने से अपने पति के साथ जमालपुर में किराये के मकान में रह रही थी।
सुबह पति-पत्नी में हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। शाम करीब साढ़े छह बजे घर से गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घायल हालत में मधु कुमारी को तुरंत मुंगेर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर रात तक अस्पताल में एसआई चंदन कुमार से पूछताछ होती रही।
पति ने कहा- मैं बाथरूम में था
एसआई चंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह बाथरूम में थे। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आए तो पत्नी जमीन पर गिरी हुई थी और सीने से खून निकल रहा था। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
परिवार बोला- बेटी की हत्या हुई है
मधु कुमारी के परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि बेटी खुद अपने सीने में गोली नहीं मार सकती। घटना के समय घर में केवल पति मौजूद था और दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि शादी में 55 लाख रुपये दहेज और एक चारपहिया वाहन दिया गया था।
लव मैरिज की थी दोनों ने
जानकारी के अनुसार मधु कुमारी बीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात चंदन कुमार से हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने 7 फरवरी 2025 को शादी कर ली थी।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है, क्योंकि सर्विस रिवॉल्वर का इस्तेमाल हुआ है। हर पहलू से जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और एसआई चंदन कुमार का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। साथ ही उनके हाथों का सैंपल भी लिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोली किसने चलाई। पुलिस की विशेष टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।