Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रेलवे स्टेशन पर फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, नकली आईकार्ड और टैब बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 12, 2026

BIHAR:रेलवे स्टेशन पर फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, नकली आईकार्ड और टैब बरामद

गया रेलवे स्टेशन पर फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, नकली आईकार्ड और टैब बरामद

गया: गयाजी रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पटना जिले के मसौढ़ी निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से फर्जी पहचान पत्र और एक टैब बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की देर शाम आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार के निर्देश पर स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर एक संदिग्ध युवक पर पुलिस टीम की नजर पड़ी।

पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का जूनियर इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर बताया। पुलिस को शक होने पर उसके पहचान पत्र की जांच की गई। बाद में आईकार्ड को स्थानीय आईबी कार्यालय भेजा गया, जहां सत्यापन में वह पूरी तरह फर्जी पाया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी अधिकारी बनकर रेलवे परिसर में घूम रहा था और लोगों को भ्रमित कर रहा था।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 102/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 171 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि वह किस मकसद से फर्जी पहचान बनाकर घूम रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी ठगी या अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल तो नहीं था।