Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में बनेगा एयरपोर्ट टर्मिनल, 35.14 करोड़ की मंजूरी; जल्द शुरू होगा हवाई सफर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 23, 2026

सहरसा में बनेगा एयरपोर्ट टर्मिनल, 35.14 करोड़ की मंजूरी; जल्द शुरू होगा हवाई सफर

सहरसा में बनेगा एयरपोर्ट टर्मिनल, 35.14 करोड़ की मंजूरी; जल्द शुरू होगा हवाई सफर

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के लोगों के लिए जल्द ही हवाई सफर आसान होने वाला है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सहरसा स्थित मौजूदा एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन और नए टर्मिनल भवन निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इस परियोजना के लिए 35.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।


15 एकड़ जमीन अधिग्रहण अंतिम चरण में

जानकारी के अनुसार, परियोजना के तहत प्री-फैब्रिकेटेड टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर तथा उससे जुड़ी अन्य इमारतों का निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 450 दिन का समय निर्धारित किया गया है।

एयरपोर्ट विस्तार के लिए 15 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। राज्य सरकार द्वारा इसके लिए राशि पहले ही जिले को उपलब्ध करा दी गई है। बताया जा रहा है कि जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

1000 मीटर रनवे का होगा निर्माण

हवाई उड़ान सुविधा शुरू करने के लिए 1000 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 16 जून को टेंडर खोला जाएगा।

छोटे विमानों से शुरू होगी सेवा

उड़ान योजना के तहत सहरसा एयरपोर्ट को कनेक्ट किया जाएगा। यह एयरपोर्ट कोड-2बी टाइप एयरक्राफ्ट के लिए विकसित किया जाएगा। यहां से 15 से 20 सीट वाले छोटे विमान संचालित होंगे।

इसके अलावा बीचक्राफ्ट, डोरनियर तथा सेना के बड़े मॉडल विमान भी यहां से उड़ान भर सकेंगे। बाढ़ के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी इस एयरपोर्ट से काफी सहूलियत मिलेगी।

दिल्ली-मुंबई जाना होगा आसान

एयरपोर्ट बनने के बाद सहरसा और कोसी क्षेत्र के लोगों को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत अन्य शहरों और विदेश यात्रा के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में लोगों को हवाई यात्रा के लिए पूर्णिया या पटना एयरपोर्ट जाना पड़ता है।

लेकिन सहरसा में एयरपोर्ट सुविधा शुरू होने के बाद यात्रियों को अपने ही जिले से फ्लाइट सेवा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।