Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:नशेड़ियों ने पुलिस पर किया हमला, आरोपी छुड़ाकर फरार; वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 11, 2026

BIHAR:नशेड़ियों ने पुलिस पर किया हमला, आरोपी छुड़ाकर फरार; वीडियो वायरल

अररिया में नशेड़ियों ने पुलिस पर किया हमला, आरोपी छुड़ाकर फरार; वीडियो वायरल

फुलकाहा (अररिया)। बिहार के अररिया जिले से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नशे में धुत युवकों ने पहले एक बाइक सवार युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की और छिनतई की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपियों और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया तथा पकड़े गए आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के बढ़ेपारा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 8 निवासी संतोष कुमार यादव, पिता कमलेश्वरी यादव, शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी बहन को फारबिसगंज कॉलेज छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह चकरदाहा गांव के पुलहा वार्ड संख्या 11 स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे, तभी वहां मौजूद चार-पांच युवक, जो कथित रूप से स्मैक के नशे में थे, ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने संतोष कुमार यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जेब से नकदी व अन्य सामान छीन लिया। किसी तरह पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़ लिया।

लेकिन पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेने के बाद आसपास के लोग और अन्य युवक एकजुट हो गए। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की तथा पकड़े गए आरोपी को छुड़ाकर वहां से भगा दिया। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस पूरे घटनाक्रम का किसी स्थानीय व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोगों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है।

वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।