नवादा में नर्स की संदिग्ध मौत: फंदे से लटका मिला शव, साथ रह रहा युवक फरार
नवादा। नगर थाना क्षेत्र के चौधरी नगर मोहल्ले में एक नर्स का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अकबरपुर प्रखंड के बकसंडा गांव निवासी 23 वर्षीय मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मनीषा एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करती थी और धनबाद निवासी अभिषेक पांडे नामक युवक के साथ किराए के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रही थी। घटना के बाद से युवक फरार है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
परिजनों के मुताबिक, मनीषा ने परिवार को बताया था कि वह सहेलियों के साथ रह रही है। लेकिन मौके पर पहुंचने पर मकान मालिक ने खुलासा किया कि वह शादीशुदा की तरह रह रही थी और उसके गले में मंगलसूत्र भी मिला।
मृतका के फूफा दूधी मांझी ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव पर मिले निशान आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही मनीषा ने परिवार को अपनी तस्वीर भेजी थी और घर वाले उसके लिए रिश्ते की तलाश कर रहे थे।
मकान मालिक के अनुसार, दो महीने पहले भी मनीषा और अभिषेक के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्हें मकान खाली करने को कहा गया था।
नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।