Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:सुपौल में जितिया पर्व पर मां के साथ स्नान करने गई बच्ची धार में डूबी, परिवार में मचा कोहराम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 3, 2026

SUPAUL:सुपौल में जितिया पर्व पर मां के साथ स्नान करने गई बच्ची धार में डूबी, परिवार में मचा कोहराम

राघोपुर में जितिया पर्व के दौरान हादसा: धार में डूबी 6 वर्षीय बच्ची का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम

सुपौल/राघोपुर। राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत स्थित जागीर वार्ड नंबर-1 में जितिया पर्व के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। शुक्रवार को अपनी मां के साथ स्नान करने गई छह वर्षीय सोनाक्षी कुमारी बेरदह धार के गहरे पानी में डूब गई। कई घंटे तक चली खोजबीन के बाद शुक्रवार रात करीब 9 बजे बच्ची का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बच्ची की मां पिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां के साथ स्नान करने गई थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, विन्देश्वरी यादव की छह वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी शुक्रवार को जितिया पर्व को लेकर अपनी मां के साथ बेरदह धार में स्नान करने गई थी। इसी दौरान सोनाक्षी गहरे पानी में चली गई और डूब गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

काफी देर तक धार में खोजबीन की गई, लेकिन शुरुआती प्रयास में बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद स्थानीय स्तर पर बच्ची की तलाश जारी रखी गई।

स्थानीय लोगों और मछुआरों ने संभाला मोर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनडीआरएफ टीम का सहयोग नहीं मिलने के बाद स्थानीय मछुआरों की मदद से जुगाड़ की नाव तैयार की गई। इसके बाद लोगों ने धार में उतरकर बच्ची की तलाश शुरू की। कई घंटे तक स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों ने पानी में खोजबीन की।

लगातार प्रयास के बाद शुक्रवार रात करीब 9 बजे बच्ची का शव धार से बरामद कर लिया गया।

शव मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

सोनाक्षी का शव बरामद होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां पिंकी देवी बेटी के शव को देखकर बेसुध हो गईं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक, सोनाक्षी चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। परिवार में सबसे छोटा एक भाई है।

महज छह साल की बच्ची की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलने के बाद राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Kosi Live की रिपोर्ट