बक्सर में ‘नकली दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश: शादी के नाम पर ठगी, दुल्हन समेत 8 गिरफ्तार
बक्सर। शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने नकली दुल्हन समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। गिरोह सुनियोजित तरीके से फर्जी शादी रचाकर लोगों से पैसे और जेवर ठगता था।
जांच में खुलासा हुआ है कि दुल्हन के रूप में पेश की गई महिला पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है। उसका असली नाम नीतू देवी है, जबकि फर्जी दस्तावेजों में उसे सरिता बताकर पेश किया गया था। इस ठगी के खेल में उसकी मां मीना देवी और अन्य परिजन भी शामिल थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब कानपुर निवासी रमा देवी अपने देवर विनय की शादी के लिए बक्सर आई थीं। उन्हें एक लड़की दिखाई गई और फर्जी आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान बताई गई। शादी के बाद 40 हजार रुपये नकद और जेवर लेने के बाद गिरोह ने अपनी चाल चली।
इस गिरोह का मुख्य किरदार हैदर खान था, जो नकली पुलिसकर्मी बनकर मौके पर पहुंचता था। उसके आने से डर का माहौल बनता और इसी बीच दुल्हन समेत सभी आरोपी फरार हो जाते थे।
पीड़िता की शिकायत पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया। टीम ने छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 38,500 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एसपी शुभम आर्य ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही बरामद सामानों के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी जैसे मामलों में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही निर्णय लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।