Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी और लंबे समय से फरार सिपाही उतीश कुमार सेवा से बर्खास्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 16, 2026

BIHAR:गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी और लंबे समय से फरार सिपाही उतीश कुमार सेवा से बर्खास्त

गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी और लंबे समय से फरार सिपाही उतीश कुमार सेवा से बर्खास्त

कटिहार पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी तथा लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे सिपाही उतीश कुमार (संख्या-486) को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस संबंध में कटिहार पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।

बर्खास्त सिपाही उतीश कुमार नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के बरसाती वरतर, सिंगथु गांव का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ नालंदा महिला थाना में कांड संख्या-79/2021 दर्ज है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला चल रहा है।

इसके अलावा मुंगेर जिले के हेमजापुर (धरहरा) थाना में कांड संख्या-205/2022 भी दर्ज है। इन मामलों में हत्या के प्रयास (धारा 307) और छेड़छाड़ (धारा 354बी) जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

विभागीय जांच के बाद हुई कार्रवाई

इन गंभीर आरोपों को देखते हुए कटिहार जिले में विभागीय कार्यवाही संख्या-22/2023 शुरू की गई थी। जांच के दौरान आरोपी सिपाही को कई बार नोटिस और पत्र भेजकर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा और विभाग के समक्ष पेश नहीं हुआ।

इसके बाद 05 जनवरी 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उसे 15 दिनों के भीतर ड्यूटी पर उपस्थित होने का अंतिम अवसर भी दिया गया था। इसके बावजूद उसने कोई जवाब नहीं दिया और न ही कर्तव्य पर लौटा।

अनुशासनहीनता पर सख्त संदेश

लगातार अनुपस्थिति और गंभीर आपराधिक आरोपों को देखते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए उसे सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया। कटिहार पुलिस ने स्पष्ट किया कि वर्दी में रहकर अपराध करना या कानून से भागना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

छवि सुधार अभियान तेज

एसपी शिखर चौधरी के नेतृत्व में पुलिस विभाग की छवि सुधारने और अनुशासनहीन कर्मियों पर कार्रवाई की मुहिम तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस मुख्यालय भी ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान कर रहा है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं या जो लंबे समय से ड्यूटी से गायब हैं।

कटिहार पुलिस की यह कार्रवाई उसी व्यापक अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। बर्खास्तगी के बाद अब उतीश कुमार के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।