अररिया में फर्जी आधार और प्रमाण-पत्र बनाने वाले दो गैंग का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
अररिया: जिले में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले दो अलग-अलग गिरोहों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रानीगंज और पलासी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल, स्कैनर, प्रिंटर, फिंगर प्रिंट डिवाइस, आइरिस स्कैनर, नकद राशि समेत भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद किए हैं।
रानीगंज में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का खुलासा
रानीगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया बाजार वार्ड संख्या 09 स्थित एक फोटोस्टेट दुकान में फर्जी आधार कार्ड बनाने का खेल चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।
पुलिस के पहुंचते ही दुकान में मौजूद चार युवक मोबाइल, लैपटॉप और फिंगर प्रिंट स्कैनर से काम कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया गया। जबकि दो अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय अताउर्र रब कौसर उर्फ वसीम (पिता मो. सिद्दीक) और 32 वर्षीय इम्तियाज अहमद (पिता अजहरुल हक) के रूप में हुई है।
इस मामले में रानीगंज थाना कांड संख्या 108/26 दर्ज किया गया है।
बरामद सामान
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान जब्त किए हैं:
- 02 लैपटॉप
- 04 मोबाइल फोन
- 01 फिंगर स्कैनिंग डिवाइस
- 01 आई स्कैनिंग डिवाइस
- 01 वेब कैमरा
- 01 डाटा केबल कनेक्टर
- 01 लैपटॉप एसी एडॉप्टर
- 14 आधार कार्ड
- 14 आधार कार्ड आवेदन फॉर्म
- 08 आधार अपडेट रिसीविंग दस्तावेज
- 107 आधार अपडेशन रिजेक्टेड फॉर्म
- 02 मूल जन्म प्रमाण-पत्र
- 01 वोटर आईडी कार्ड
- 18 हजार रुपये नकद
- सिलिकॉन से बने फिंगर क्लोन
पलासी में फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने वाला गिरोह पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई पलासी थाना क्षेत्र के सोहंदर हाट स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में की गई, जहां फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। यह गिरोह बिहार, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और दिल्ली सहित अन्य राज्यों के अवैध दस्तावेज तैयार कर रहा था।
एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के साथ विशेष टीम गठित की गई। टीम ने अभिषेक कुमार बहरदार की दुकान पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- अभिषेक कुमार बहरदार (22), सोहंदर वार्ड 03
- मुर्शीद आलम (25), काशीबाड़ी
- मनीष कुमार बहरदार (23), हरिभाषा, बहादुरगंज, किशनगंज
- शशि कुमार (22)
यहां से बरामद हुआ सामान
- 01 लैपटॉप
- 06 मोबाइल फोन
- 01 फिंगर प्रिंट डिवाइस
- 01 आइरिस डिवाइस
- 01 प्रिंटर
- कर्नाटक, दिल्ली नगर निगम, मध्य प्रदेश और बिहार सरकार के नाम से बने दस्तावेज
- 18 आधार कार्ड फॉर्म
- 05 आधार कार्ड
- लैपटॉप से 39 व्यक्तियों की स्टेटस रिपोर्ट
- बड़ी संख्या में जन्म प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और पैन कार्ड की कॉपियां
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।