नेपाल के झापा में ब्राउन शुगर के साथ भारतीय समेत दो युवक गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
जोगबनी/झापा। नेपाल के झापा जिलान्तर्गत कंकाई नगरपालिका वार्ड संख्या-05 क्षेत्र में लागू औषधि नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक समेत दो युवकों को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से 563 ग्राम 620 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
लागू औषधि नियंत्रण ब्यूरो द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर ब्यूरो की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
बाइक सवार दो युवकों को रोका गया
कार्रवाई के दौरान बीआर 37 आर 1866 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों के पास से प्लास्टिक की छोटी-छोटी छह पोटलियां बरामद हुईं। जब पोटलियों की जांच की गई तो उसमें कुल 563 ग्राम 620 मिलीग्राम ब्राउन शुगर पाया गया।
एक भारतीय और एक नेपाली नागरिक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय निशार आलम, निवासी धनटोला, दिघलबैंक, जिला किशनगंज (भारत) तथा 22 वर्षीय सफीक गुल, निवासी वार्ड संख्या-06, झापा (नेपाल) के रूप में हुई है।
आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा गया
नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जब्त नशीला पदार्थ और मोटरसाइकिल सहित अग्रेतर कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस कार्यालय अनारमनी, झापा को सुपुर्द कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।