Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA NEWS: स्मैक तस्कर दंपती गिरफ्तार, 38 ग्राम स्मैक व डिजिटल तराजू बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 18, 2026

MADHEPURA NEWS: स्मैक तस्कर दंपती गिरफ्तार, 38 ग्राम स्मैक व डिजिटल तराजू बरामद

मधेपुरा में स्मैक तस्कर दंपती गिरफ्तार, 38 ग्राम स्मैक व डिजिटल तराजू बरामद

पुरैनी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भटौनी गांव में छापेमारी कर पति-पत्नी दबोचे

मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र अंतर्गत भटौनी गांव से एक स्मैक तस्कर दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 38 ग्राम स्मैक, 69 पुड़िया नशीला पदार्थ तथा डिजिटल तराजू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

थानाध्यक्ष चंद्रजीत प्रभाकर ने बताया कि शुक्रवार देर संध्या गुप्त सूचना मिली थी कि भटौनी गांव में औराय निवासी प्रीतम कुमार और उसकी पत्नी शालू कुमारी स्मैक की पुड़िया तैयार कर तस्करी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना स्तर पर छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम में कई जवान शामिल

गठित टीम में थानाध्यक्ष चंद्रजीत प्रभाकर के साथ पुअनि कुंदन पासवान, पुअनि दीनानाथ सिंह, पीटीसी आरती कुमारी, गृहरक्षक रूपेश कुमार, विजय कुमार यादव, स्वीटी कुमारी तथा श्रवण पासवान शामिल थे।

भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी

पुलिस टीम जब भटौनी स्थित बजरंगबली मंदिर के पास पहुंची तो सुरेश राम के घर के सामने से एक महिला अपनी गोद में छोटे बच्चे को लेकर तथा एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल की तत्परता से दोनों को घेरकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम प्रीतम कुमार एवं शालू कुमारी, निवासी औराय थाना पुरैनी, जिला मधेपुरा बताया।

तलाशी में बरामद हुआ स्मैक

सीओ विद्यानंद झा की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्रीतम कुमार के पास से स्मैक जैसा गीला पदार्थ मिला, जिसका वजन डिजिटल तराजू से 20.3 ग्राम पाया गया।

वहीं शालू कुमारी के पास से उजले रंग के जिपदार प्लास्टिक पैकेट में 69 पुड़िया स्मैक बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 17.7 ग्राम था। साथ ही एक सिल्वर रंग का डिजिटल तराजू भी जब्त किया गया।

ससुर पर भी तस्करी में शामिल होने का आरोप

गिरफ्तार दंपती ने पूछताछ में बताया कि उनका ससुर सुधीर मंडल बाहर से बड़ी मात्रा में स्मैक मंगाता है और सभी मिलकर अलग-अलग जगहों पर घूम-घूमकर इसकी तस्करी करते हैं।

प्राथमिकी दर्ज, दोनों भेजे गए जेल

थानाध्यक्ष ने बताया कि मादक पदार्थ रखना एवं उसकी तस्करी करना संज्ञेय अपराध है। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।