किशनगंज SDPO ऑफिस में रात में घुसी लाल थार, 3 हिरासत में: EOU जांच के बीच दस्तावेज हटाने की आशंका
किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले में आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच के बीच शनिवार रात अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित SDPO कार्यालय में संदिग्ध गतिविधि सामने आई। रात करीब 8 बजे एक लाल रंग की थार गाड़ी कार्यालय परिसर में पहुंची, जिसमें सवार तीन लोग सीधे SDPO कार्यालय में दाखिल हुए और करीब 15 मिनट बाद बाहर निकले।
पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोका
रात के समय सरकारी कार्यालय में गाड़ी के प्रवेश की सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई। जब गाड़ी सवार लोग बाहर निकलने लगे, तब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने संदेह के आधार पर वाहन को रोक लिया। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
तीन लोगों की पहचान हुई
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद हबीब (दौला पंचायत, किशनगंज), सौदागर (पूर्णिया सिटी, चालक) और एक नाबालिग के रूप में हुई है। थार गाड़ी को भी जब्त कर सदर थाना लाया गया है।
EOU जांच के बीच बढ़ी हलचल
बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई (EOU) द्वारा 31 मार्च को पूर्व SDPO गौतम कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद से उनके कार्यकाल से जुड़े मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसी वजह से रात में वाहन के पहुंचने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई।
दस्तावेज या सामान हटाने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक प्रशासन को शक है कि कार्यालय से किसी प्रकार के दस्तावेज या अन्य सामान को हटाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एसी खोलने पहुंचे थे लोग: एसपी
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गाड़ी सवार लोगों ने कार्यालय में लगे एसी को खोलने के उद्देश्य से वहां जाने की बात कही है।
पुलिस कर रही गंभीर जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रात के समय कार्यालय पहुंचने का असली मकसद क्या था।