कटिहार में 50 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, वाहन जांच में कार से 500 ग्राम बरामद
कटिहार पुलिस ने मनिहारी थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक पर वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कार से करीब 500 ग्राम स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बिनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से नदी मार्ग के जरिए नाव से स्मैक की एक बड़ी खेप मनिहारी घाट लाई जा रही है। सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस को अलर्ट किया गया।
इसके बाद एसआई अमित कुमार राय, एसआई आशीष कुमार और एएसआई संतोष कुमार के नेतृत्व में अंबेडकर चौक पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
कार से मिली बड़ी खेप
वाहन जांच के दौरान बीआर 11बी बीवी 2088 नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक थैले में छिपाकर रखी गई दो प्लास्टिक की थैलियों से 500 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरियाद आलम (35), पिता अब्दुल रजा, निवासी कुम्हरा थाना रौतारा, जिला कटिहार तथा मुर्तजा अली (33), पिता स्वर्गीय ताहिर, निवासी सिमरिया थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
कार जब्त, पूछताछ जारी
दंडाधिकारी रामसागर पासवान की उपस्थिति में पूरी कार्रवाई की गई। तस्करी में इस्तेमाल काले रंग की कार को जब्त कर थाना लाया गया है। दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
आईजी के निर्देश के बाद सख्ती
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मनिहारी थाना निरीक्षण के दौरान पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी डॉ. विवेकानंद ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए सूखे नशे की तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उसी के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।