Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:एईडीओ परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा: ब्लूटूथ डिवाइस से चीटिंग, दो गिरफ्तार, जेल भेजे गए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 19, 2026

BIHAR:एईडीओ परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा: ब्लूटूथ डिवाइस से चीटिंग, दो गिरफ्तार, जेल भेजे गए

हेडलाइन:
समस्तीपुर में एईडीओ परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा: ब्लूटूथ डिवाइस से चीटिंग, दो गिरफ्तार, जेल भेजे गए

समस्तीपुर में बीपीएससी द्वारा आयोजित एईडीओ परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शहर के आरएसबी इंटर स्कूल काशीपुर और श्रीकृष्णा उच्च विद्यालय जितवारपुर परीक्षा केंद्र से दो परीक्षार्थियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पूछताछ में गिरफ्तार सत्यजीत कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि खगड़िया निवासी सूरज कुमार नामक युवक ने उसे ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराया था और परीक्षा के दौरान सेंटर के बाहर से सवालों के जवाब बता रहा था। सत्यजीत परीक्षा हॉल में प्रश्नों को धीरे-धीरे पढ़ता था, जिसे ब्लूटूथ के माध्यम से बाहर मौजूद सूरज सुनता और इंटरनेट पर सर्च कर जवाब बताता था।

इस सौदे के लिए करीब 5 लाख रुपये तय हुए थे। सत्यजीत के अनुसार, सूरज परीक्षा केंद्र के पास एक पान दुकान के निकट पुराने मकान में बैठकर जवाब दे रहा था, लेकिन गिरफ्तारी के दौरान वह फरार हो गया।

दूसरे मामले में श्रीकृष्णा उच्च विद्यालय जितवारपुर केंद्र से पकड़े गए बनारस निवासी अरविंद कुमार राय ने बताया कि उसे साल्वर गैंग ने ब्लूटूथ डिवाइस दी थी। उसने 2 लाख रुपये एडवांस और अपने मूल प्रमाण पत्र जमा किए थे, जबकि परीक्षा पास होने पर 3 लाख रुपये और देने थे।

पुलिस को सत्यजीत के पास से बरामद ब्लूटूथ रिसीवर डिवाइस पर “49” अंकित मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि जिले में बड़े स्तर पर इस तरह की मशीनों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने खगड़िया और बेगूसराय पुलिस की मदद से फरार आरोपी सूरज कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह किसी संगठित साल्वर गैंग का काम है या नहीं। पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के साथ जांच जारी है।