कोसी रेलवे ब्रिज के पास फायरिंग करने वाला बदमाश गिरफ्तार, कट्टा और 13 कारतूस बरामद
कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र स्थित कोसी रेलवे ब्रिज के समीप शनिवार शाम फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी कट्टा और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
हत्या की नीयत से चलाई गोली
पुलिस के अनुसार कटरिया निवासी रंजीत कुमार सिंह पर जान मारने की नीयत से गोली चलाई गई थी। हालांकि संयोगवश गोली उन्हें नहीं लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
आरोपी की पहचान, मौके पर गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपित की पहचान धीरज कुमार यादव उर्फ हवलेश यादव के रूप में हुई है। वह बरारी थाना क्षेत्र के सेमापुर सिक्कट गांव का निवासी बताया जा रहा है।
गोली चलाने की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और 13 कारतूस बरामद किया है। मामले में हथियार के स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित रंजीत कुमार सिंह के बयान पर कुरसेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की गहन जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
कोसी रेलवे ब्रिज जैसे व्यस्त इलाके में फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।