जोकीहाट में 296 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, चार पहिया वाहन जब्त
जोकीहाट (अररिया)। जोकीहाट पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे 327 ई पर भट्टा चौक जहानपुर के समीप वाहन तलाशी अभियान चलाकर 296 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सूचना प्राप्त हुई थी कि एक चार पहिया वाहन से अवैध विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के बाद जोकीहाट थाना पुलिस ने भट्टा चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब को थाना लाकर गिनती की गई, जिसमें कुल 296 लीटर विदेशी शराब पाई गई।
पुलिस ने मौके से वाहन पर सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान शक्ति कुमार साह पिता मंथलाल साह, मिस्बाह-उल-हक उर्फ चांद पिता मोतीउर्हमान तथा विकास कुमार पिता गोपाल शर्मा, सभी निवासी दर्शना, थाना जोकीहाट, जिला अररिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।