Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:पूर्णिया में दवा दुकान पर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 29, 2026

BIHAR NEWS:पूर्णिया में दवा दुकान पर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद


पूर्णिया में मंगलवार देर शाम कसबा पुलिस ने गढ़बनैली बाजार स्थित एक दवा दुकान पर छापेमारी कर नशे के अवैध कारोबार का खुलासा किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दुकान से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप और नशीली गोलियां बेची जा रही हैं।
सूचना के आधार पर टीम गठित कर “ललित एंड सन्स” नामक दुकान पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान बोरियों में भरकर रखी गई भारी मात्रा में कफ सिरप और नशे में इस्तेमाल होने वाली टेबलेट बरामद की गई। बताया जा रहा है कि इन दवाओं को मनमाने दाम पर बेचकर संचालक ने बड़ी संपत्ति बनाई है।
फिलहाल जब्त दवाओं की गिनती जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मौके पर मेडिकल ऑफिसर को भी बुलाया जा रहा है, ताकि दवाओं की प्रकृति और उपयोग की पुष्टि की जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से नशीली दवाओं का अवैध कारोबार चल रहा था। इससे पहले भी यहां से प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप पकड़ी जा चुकी है, जिससे जिले में सक्रिय नशा नेटवर्क की पुष्टि होती है।
पुलिस ने कहा है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।