सोनवर्षा में स्मैक तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 33 पुड़िया स्मैक व ₹2.09 लाख नकद के साथ तस्कर गिरफ्तार
सहरसा/सोनवर्षा: सोनवर्षा थाना क्षेत्र में सूखे नशे के बढ़ते कारोबार के बीच पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर मनौरी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 33 पुड़िया मादक पदार्थ (स्मैक), करीब ₹2 लाख 9 हजार नकद, दो मोबाइल फोन तथा एक डिजिटल तराजू बरामद किया है।
डीएसपी ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
बुधवार को सिमरी बख्तियारपुर डीएसपी मुकेश ठाकुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि मनौरी गांव निवासी राहुल कुमार द्वारा बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सोनवर्षा थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। दंडाधिकारी सह सीओ जितेंद्र सिन्हा की मौजूदगी में मंगलवार रात छापेमारी की गई।
कमरे से बरामद हुआ नशे का सामान
छापेमारी के दौरान आरोपी राहुल कुमार के पास तथा उसके कमरे से 33 पुड़िया स्मैक, बिक्री से जुटाए गए ₹2.09 लाख नकद, दो मोबाइल फोन और एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ स्थानीय थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले 26 अप्रैल को खजुरहा पंचायत के परवहा गांव में पुलिस ने शशि यादव नामक तस्कर को करीब 11.88 ग्राम मादक पदार्थ और नकदी के साथ गिरफ्तार किया था।
व्यापक अभियान की मांग
क्षेत्र में सूखे नशे का कारोबार तेजी से फैलने से स्थानीय लोगों में चिंता है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बावजूद तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए व्यापक और लगातार अभियान चलाने की मांग उठ रही है।