सहरसा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 7.86 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
सहरसा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7.86 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहरा वार्ड नंबर-05 निवासी त्रिभुवन साह उर्फ नारायण साह के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रविवार दोपहर जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई मादक पदार्थ निषेध आसूचना केंद्र (भारत सरकार) से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम लौकही जाने वाली सड़क पर गणेश मंदिर के पास पहुंची, जहां संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.86 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
इस मामले में बिहरा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 138/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।